आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मेरठ में आयोजित 12वीं उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड और सिल्वर मेडल हासिल करते हुए आजमगढ़ की बेटी श्वेता प्रजापति ने जिले का नाम रोशन किया है।
‘द राइजिंग फाल्कन स्केटिंग रिंक’ में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 850 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत, लगन और खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। गोल्ड और सिल्वर हासिल करने वाली श्वेता प्रजापति अब दिसंबर महीने में प्रस्तावित कार्यक्रम के बेंगलुरु में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेगी।
12वीं उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड और सिल्वर मेडल हासिल करने वाली श्वेता प्रजापति के आजमगढ़ पहुंचने पर उसका माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। माल्यार्पण करने वालों में आईएमए के अध्यक्ष डा. डीपी राय, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन अंपायर अजेंद्र राय, प्रज्ञा राय शामिल रहे।
डा.डीपी राय ने इसे आजमगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया और कहा कि यह राष्ट्रीय स्तर पर भी गोल्ड मेडल हासिल करें ताकि आजमगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज हो। राजेंद्र राय ने कहा कि आजमगढ़ जैसे स्थान पर मामूली संसाधनों से नियमित अभ्यास के जरिए राज्य स्तर पर नाम रोशन करना काफी गौरव की अनुभूति कराता है।
वही अपनी सफलता पर खुशी जताते हुए श्वेता प्रजापति ने कहा कि अब उसका अगला लक्ष्य है राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड हासिल करना। इसके लिए वह दिन-रात प्रयास करेगी।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार