भाजपा जिलाध्यक्ष समेत 10 नामजद, 11 अज्ञात पर मुकदमा

शेयर करे

माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल कस्बे में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने और पुलिस से विवाद के मामले में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के लालगंज जिलाध्यक्ष समेत 10 नामजद और 11 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात उपनिरीक्षक यश सिंह पटेल पुलिस टीम के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कस्बा माहुल में तैनात थे। इसी दौरान कुछ आयोजकों की ओर से डीजे प्रतियोगिता के नाम पर तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस का आरोप है कि तेज ध्वनि से बुजुर्गों, बच्चों, बीमार लोगों और आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी। इससे कस्बे में विरोध और असंतोष की स्थिति भी उत्पन्न हो रही थी। आरोप है कि रात करीब 11.20 बजे आयोजकों की ओर से पुलिस के साथ भी विवाद किया गया।
इस मामले में पुलिस ने भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के लालगंज जिलाध्यक्ष आशु जायसवाल, अमरजीत निषाद, संजोग सोनकर, अजय बिंद और आनंद अग्रहरि सहित डीजे संचालक मूलचंद यादव, अजय, विजय, सागर और धर्मेंद्र को नामजद किया है। इसके अलावा 11 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट-श्यामसिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *