लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और एक अवैध तमंचा व दो कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपितों के विरुद्ध आजमगढ़ और जौनपुर समेत विभिन्न थानों में कुल 34 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार बीते 30 सितंबर की रात देवगांव थाना क्षेत्र के गोपालपुर सोठौली गांव निवासी रामाशंकर यादव के घर के बरामदे में खड़ी मोटरसाइकिल, दो टीवी और अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया गया था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी तरह 10 अक्टूबर को कंजहित गांव निवासी शिवशंकर के घर में घुसकर बक्से में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। इस मामले में भी देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम जुटी हुई थी। देवगांव पुलिस ने 30 अक्टूबर की रात करीब एक बज कर 50 मिनट पर मेहनाजपुर रोड स्थित मोलनापुर ओवरब्रिज के नीचे से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संजय राय निवासी रामचन्द्रपुर थाना देवगांव, सुमित उर्फ सोनू सिंह निवासी अहिरौली थाना मेहनगर और संतोष सिंह निवासी तिलहुआ थाना निजामाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, चांदी की तीन जोड़ी पायल, 15 बिछिया, पीली धातु की एक चेन और 1,510 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं। संजय राय के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद