आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के उपलक्ष्य में सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए रोटरी क्लब द्वारा शनिवार को एक विशेष स्वास्थ्य पहल की गई। क्लब के अध्यक्ष श्रेय अग्रवाल एवं सचिव रवि शंकर प्रजापति के नेतृत्व में नगर के हीरापट्टी स्थित विहान बालिका आवासीय विद्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य श्रमिक परिवारों की बच्चियों को बेहतर चिकित्सकीय उपचार प्रदान करना और उन्हें मौसमी व अन्य बीमारियों के प्रति जागरूक करना था।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.अंकुर अग्रवाल और दंत चिकित्सक डा. सुरेंद्र कुमार यादव ने विद्यालय की कुल 60 बालिकाओं के स्वास्थ्य की बारीकी से जांच की। चिकित्सकों ने बच्चियों को व्यक्तिगत स्वच्छता और दांतों की देखभाल के महत्व को समझाया। परीक्षण के उपरांत रोटरी क्लब की ओर से बालिकाओं को निःशुल्क दवाइयां और दंत मंजन का वितरण भी किया गया।
विद्यालय की वार्डन प्रिया प्रसाद ने रोटरी क्लब के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से वंचित वर्ग की बच्चियों को न केवल उपचार मिलता है, बल्कि उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी आती है।
इस दौरान वेदांता ग्रुप से ऋत्विक जायसवाल और रोटेरियंस में पंकज अग्रवाल, आनंद बरनवाल, शिवम अग्रवाल, राकेश गर्ग, विद्यालय से अनीता, नीलम, मंजू, मीरा, शिवम श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार