पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज विकास खंड अंतर्गत चांदपुर गांव में हर घर जल योजना के कार्यों में लापरवाही की शिकायत की गयी थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने उसका निस्तारण किया।
ग्रामीणों का आरोप था कि मानपुर-चांदपुर गांव में हर घर जल योजना के तहत कनेक्शन दिया गया था। जमीन के अंदर पाइपलाइन के एक जॉइंट से लगातार पानी का लीकेज हो रहा था, जिससे बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हो रहा था और पानी में बैक्टीरियल इन्फेक्शन की संभावना थी और आसपास की जमीन भी प्रभावित हो रही थी।
इतना ही नहीं, पटवध सरैया बाजार के एक परिवार को नया पानी कनेक्शन दिया जाना था। इसके लिए संबंधित व्यक्ति ने कई बार मौके पर मौजूद कर्मचारियों को जानकारी दी और आवश्यक दस्तावेज के रूप में आधार कार्ड भी उपलब्ध कराया, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों ने उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया और कनेक्शन नहीं दिया गया। पीड़ित ने इस पूरे मामले की शिकायत जल निगम के अधिशासी अभियंता राजेंद्र प्रसाद से की। शिकायत मिलते ही उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता के हस्तक्षेप के बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और समस्याओं का समाधान कराया गया।
रिपोर्ट-बबलू राय