अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जायसवाल त्रिमुहानी सेवा समिति के तत्वावधान में ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार के अवसर पर प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
समिति के सदस्य प्रदीप कुमार जायसवाल ने बताया कि ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले सभी आठ मंगलवार को विशेष रूप से बजरंगबली के पूजन के साथ विभिन्न प्रकार के भोग लगाए जाएंगे और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भगवान हनुमान के प्रति आस्था और सेवा भावना को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। सचिन जायसवाल ने बताया कि पहले इस प्रकार के कार्यक्रम अन्य स्थानों पर आयोजित होते थे, लेकिन अब नगर व आसपास के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समिति द्वारा स्थानीय स्तर पर ही इस परंपरा की शुरुआत की गई है। प्रत्येक मंगलवार को अलग-अलग प्रकार के भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इसमें सहभागी बन सकें।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखने को मिला और समिति के इस प्रयास की सराहना की गई। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से आगामी मंगलवारों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
इस मौके पर प्रदीप कुमार जायसवाल, सचिन जायसवाल, राजेश जायसवाल, विशाल जायसवाल, दिव्यांश जायसवाल, रामकरण जायसवाल, अंकित यादव आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद