फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कोतवाली क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर लजीज दरबार के पास शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे पीछे से आ रही अनियंत्रित बाइक ने पैदल जा रहे 55 वर्षीय व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अंबेडकर नगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के मठिया गांव निवासी गामा यादव 55 वर्ष फूलपुर कस्बे के विहारी स्वीट हाउस में काम करता था। परिजनों के अनुसार वह करीब एक सप्ताह पहले ही यहां काम पर लगा था। शनिवार की रात काम खत्म करने के बाद वह पैदल अपने कमरे पर जा रहा था। मुख्य मार्ग पर लजीज दरबार के पास पहुंचते ही पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गामा यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे जिला मुख्यालय स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गामा यादव तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके परिवार में पत्नी शीला देवी, दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पुत्र शुभम यादव की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय