लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के रामपुर कठरवां गांव से बीमार वृद्धा का उच्चक्कों ने झाड़-फूंक के बहाने हजारों का जेवर ठग लिया और फरार हो गए।
रामपुर कठरवां गांव की पीड़िता प्रभावती पत्नी स्व.बिपत यादव ने बताया कि वह घर के बाहर बैठ कर लड़की से फोन पर बातचीत कर रही थीं कि एक बाइक से दो युवक आए जिनकी आयु लगभग 25 वर्ष के आसपास लग रही थी और पीने के लिए पानी मांगा। इसके बाद उन्होंने कहा कि पानी पिला देंगी तो आपकी सब बला दूर हो जाएगी। इसके बाद उन्होंने बात ही बात में उलझा कर उनसे पूछा कि आपको क्या हुआ है। वृद्धा ने कहा कि सिर में दर्द है। इसके बाद उचक्कों ने कहा कि दो चावल ले आइए, झाड़ फूंक कर देंगे आप ठीक हो जाएंगी। वृद्धा मंदिर पर लेजाकर पूजा पाठ करने के झोले में चावल ढूंढने लगीं, न मिलने पर उन्होंने घर से चावल लाकर उन्हें दिया तो उचक्कों ने उनके सिर की ओर चावल घुमा कर कहा कि गले का हार ले आइए, जब उन्होंने हल्का चांदी का हार लाकर दिया तो उन्होंने कहा कि नहीं और बड़ा हार ले आइए। वृद्धा चांदी का माला ले आकर कर उन्हें दे दीं तो उन्होंने कहा कि कान में पहना कनफुल भी निकाल दीजिए। पीड़िता जब खुद से नहीं निकाल पाईं तो उन्होंने अपने हाथों से उनके कान में पहने सोने के कनफूल को निकाल लिया और कहा कि पूजा पाठ करने के बाद यह आपके घर में ही टांग दिया जाएगा और आपको तावीज दे देंगे, आप ठीक हो जाएंगी। इसके बाद उन्होंने एक गड्ढा खोदवाया और इधर उधर करके हजारों का जेवर निकाल लेने के बाद चावल आदि उसी गड्ढे में भर कर मिट्टी को समतल कर दिया और जेवर लेकर फरार हो गये।
रिपोर्ट-मकसूद आजमी