सांसदों ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सांसद दिनेश लाल यादव एवं सांसद लालगंज संगीता आजाद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की समीक्षा बैठक हुई।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल योजना में जनपद के 13 ग्रामों में हर घर को नल से जल उपलब्ध कराने का कार्य चल रहा है, अभी भी कुछ ग्रामों में ओवरहेड टैंक का निर्माण पूर्ण नहीं है। जिस पर जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने जल निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि 2 माह में उक्त कार्य को पूर्ण करायें एवं जिन ग्रामों में अभी भी ओवरहेड टैंक का निर्माण पूर्ण नहीं है, उसकी सूची सांसदगण एवं जन प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें तथा उक्त ग्रामों में जो सड़कें टूटी है, उसको मोटरेबल बनाएं। जनपद में 3 सीवरेज परियोजनाओं का कार्य चल रहा है, जिसमें 45 प्रतिशत कार्य पूर्ण है, एसटीपी एवं एफएसटीपी का भी कार्य चल रहा है, जिस पर सांसद ने शेष कार्य को पूर्ण कराने के लिए कहा।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 2022-23 में 14585 कृषकों का फसल बीमा कराया गया है। जनप्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया गया कि समितियों पर यूरिया की समस्या है। जिस पर सांसद लालगंज ने उप कृषि निदेशक से कहा कि समस्त समितियों में जितनी यूरिया उपलब्ध कराई गई है, उसकी सूची समितिवार उपलब्ध कराएं। जनप्रतिनिधियों द्वारा धान क्रय केंद्रों पर धान खरीद में समस्या से अवगत कराया गया। जिस पर जिलाधिकारी ने डिप्टी आरएमओ को निस्तारण कराने का निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा जो भी समस्याएं बताई जा रही है, उसका निस्तारण कराएं। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जनप्रतिनिधियों द्वारा सीएचसी, पीएचसी पर रेबीज इंजेक्शन, दवाओं की अनुपलब्धता, चिकित्सकों की उपलब्धता एवं कमी के बारे में अवगत कराया गया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य विक्रांत सिंह रिशु, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य राजस्व अधिकारी जेपी सिंह, परियोजना निदेशक केके सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *