आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आईटीसी मिशन सुनहरा कल की ओर से आयुषी सिंह द्वारा नगर पालिका परिषद आजमगढ़ का भ्रमण किया गया। इस अवसर पर सफाई एवं खाद्य निरीक्षक दिनेश वर्मा एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी (स्वच्छ भारत मिशन) संत कुमार, सफाई नायक रामचन्द्र सिंह, नेसार, अर्बन कॉर्डिनेटर विपिन राय ने भ्रमण के दौरान कालीचौरा एवं एलवल मोहल्ला समिति के सदस्यों के साथ बैठक की।
आयुषी सिंह ने समिति के सदस्यों के साथ उनकी भूमिका, कार्यों एवं जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही, अपने वार्ड के अतिरिक्त अन्य वार्डों में भी स्वच्छता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा उन्हें स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में मोहल्ला समितियों की संभावित भूमिका पर विचार-विमर्श किया।
इसके अतिरिक्त, पूर्व में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में घर-घर कचरा संग्रहण, स्रोत पर कचरे का पृथक्करण, नियमित स्वच्छता गतिविधियों तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। साथ ही, सामुदायिक नेतृत्व में विकेन्द्रीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं स्वच्छता व्यवस्था में मोहल्ला समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
रिपोर्ट-दीपू खरवार