कटौली बुजुर्ग की बेटी ने एफएमजीई परीक्षा में लहराया परचम

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बेटियां अगर मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती। इसे सच साबित करते हुए लालगंज क्षेत्र स्थित कटौली बुजुर्ग गांव की डॉ. अरीबा गुलाम रब्बानी ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने विदेशी चिकित्सा स्नातक परीक्षा (एफएमजीई) में 300 में से 153 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। उनकी इस कामयाबी से परिवार सहित गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
डॉ. अरीबा का परिवार वर्तमान में जौनपुर शहर के मुल्लाह टोला वार्ड नंबर 35 हुमा मस्जिद के निकट रहता है। एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद इस कठिन परीक्षा में सफलता हासिल कर उन्होंने आजमगढ़ और जौनपुर दोनों जनपदों का मान बढ़ाया है।
डॉ. अरीबा के पिता डॉ. गुलाम रब्बानी खान ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अरीबा उनके गांव की पहली बेटी है, जिसने एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर चिकित्सा के क्षेत्र में यह मुकाम हासिल किया है। अरीबा की सफलता गांव की दूसरी बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
डॉ. अरीबा ने 153 अंक हासिल कर इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों को उम्मीद है कि डॉ. अरीबा भविष्य में चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी सेवाओं से समाज का नाम रोशन करेंगी।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *