वाराणसी (सृष्टिमीडिया)। सिगरा थाना क्षेत्र के निराला नगर कॉलोनी की लेन नंबर छह में अराजक तत्वों ने एक बार फिर उत्पात मचाया। इस बार अनिल दुबे बाला के घर पर चढ़कर मारपीट की। हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। अर्चना दुबे की तहरीर पर सिगरा पुलिस ने मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बताया गया कि इससे पहले भी इसी परिवार को निशाना बनाया गया था। उस दौरान उनकी कार का पिछला शीशा तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। घटना की सूचना कार मालिक ने 112 नंबर पर पुलिस को दी थी और स्थानीय पुलिस चौकी में लिखित शिकायत भी की थी। पुलिस ने उस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके बावजूद दोबारा परिवार के घर पर चढ़कर मारपीट की गयी है।
पीड़ित परिजनों का आरोप है कि निराला नगर क्षेत्र में अराजक तत्वों और शराबियों का जमावड़ा रहता है। इससे आसपास के लोगों को भी परेशानी होती है। घटनास्थल के करीब ही बीते दिनों भाजपा नेता पशुपति नाथ सिंह की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। हमले में उनका एक पुत्र भी गंभीर रूप से घायल हुआ था। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। परिवार का आरोप है कि आरोपी अब उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। साथ ही पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से उनके खिलाफ गलत आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र भी दिया है।