अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकासखंड क्षेत्र में रविवार को विधायक निधि से स्वीकृत 44.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली तीन सीसी सड़कों का विधायक डॉ. संग्राम यादव ने लोकार्पण किया। इसके बाद मंगूरगढ़ में जनसभा आयोजित की गई, जिसमें विधायक ने सरकार पर निशाना साधते हुए विकास और जनविश्वास को समाजवादी पार्टी की ताकत बताया।
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य कराना और हर वर्ग को सम्मान दिलाना उनका मुख्य संकल्प है। उन्होंने कहा कि अतरौलिया में समाजवादी पार्टी के प्रति जनता का विश्वास वर्षों की मेहनत और सेवा का परिणाम है। उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाए।
विधायक ने कहा कि पीडीए समाज अपने अधिकारों को लेकर लामबंद है और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएगा। उन्होंने मीडिया से जनहित के मुद्दों को निर्भीक और निष्पक्ष तरीके से उठाने की अपील की। ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने कहा कि अतरौलिया ब्लॉक के गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
आयोजक कमला यादव रहे। इस दौरान सुभाष चंद्र जायसवाल, चंद्रजीत यादव, कन्हैया गौड़, शीतल निषाद, राधेश्याम यादव, रणविजय यादव, कमल यादव, संजय मौर्य, पप्पू यादव आदि मौजूद रहे। संचालन जयप्रकाश यादव तथा अध्यक्षता रामधारी गौड़ ने की।
रिपोर्ट-आशीष निषाद