आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान जाफरपुर, आजमगढ़ में उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य चंदन प्रसाद भारती के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में सप्तम जनपद स्तरीय कला, क्राफ्ट एवं पपेट्री प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का आयोजन बेसिक शिक्षा के शिक्षकों के लिए प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर किया गया। प्रतिभागी शिक्षकों द्वारा विभिन्न विषयों से संबंधित टीएलएम का निर्माण कर उसका रचनात्मक एवं प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया गया। शिक्षकों ने कला, क्राफ्ट एवं पपेट्री के माध्यम से शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को रोचक एवं प्रभावी बनाने की अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों के प्रस्तुतीकरण एवं निर्मित टीएलएम के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन किया गया।
मूल्यांकन के उपरांत विभिन्न श्रेणियों में जनपद स्तर के लिए विजेताओं का चयन किया गया। प्राथमिक स्तर पर भाषा विषय में विशाल चौरसिया तथा गणित विषय में रविंद्र कुमार मौर्य का चयन किया गया। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर पर गणित विषय में कृष्ण कुमार शुक्ल, विज्ञान विषय में प्रिया सिंह तथा सामाजिक विज्ञान विषय में संदीप कुमार का चयन किया गया।
चयनित विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संयोजन, समन्वयन एवं संचालन प्रतियोगिता प्रभारी देवव्रत कुमार साहू, प्रवक्ता द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में वीरेंद्र प्रताप, प्रवक्ता, नौशाद अहमद प्रवक्ता एवं बृजराज मौर्य प्रवक्ता का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों में रचनात्मकता, नवाचार तथा कला आधारित शिक्षण के प्रति रुचि को बढ़ावा देने के साथ-साथ कक्षा-कक्ष में प्रभावी एवं आनंददायी शिक्षण के लिए टीएलएम के प्रयोग को प्रोत्साहित किया गया।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार