आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ में गुरुवार को सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। सावित्री बाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, में आयोजित जनपद स्तरीय समारोह में उत्सव, उल्लास एवं मंगलगीतों के बीच कुल 601 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इनमें 600 हिन्दू जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक विवाह सम्पन्न कराया गया, जबकि एक मुस्लिम जोड़े का निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर देशभूषण कंडाकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में नवदम्पत्तियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवन की नई शुरुआत की। इस अवसर पर जिलाधिकारी, एसएसपी, सीडीओ सहित उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद, शुभकामनाएं एवं उपहार भेंट कर उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना की। शासन की ओर से पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता एवं गृहस्थी की स्थापना के लिए उपहार सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने नवदम्पत्तियों को शुभाशीष देते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से बेटियों का विवाह सम्मानजनक एवं गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के साथ ही उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। योजना सामाजिक समरसता, समानता एवं सहयोग की भावना को भी मजबूत कर रही है।
समारोह के दौरान पूरे परिसर में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना रहा। वैदिक मंत्रोच्चार एवं मांगलिक गीतों के बीच विवाह संस्कार सम्पन्न हुए, वहीं मुस्लिम जोड़े का निकाह पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार कराया गया। सभी 601 नवदम्पत्तियों ने एक-दूसरे के साथ जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लेते हुए अपने नए जीवन का शुभारंभ किया। शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई आर्थिक सहायता, उपहार सामग्री एवं सुव्यवस्थित आयोजन से लाभार्थी परिवारों में विशेष प्रसन्नता देखने को मिली।
रिपोर्ट-सुबास लाल