बोलेरो पर गिरा पेड़, टला बड़ा हादसा

शेयर करे

बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कोयलसा ब्लॉक के समीप शनिवार को आए तेज अंधड़ और झमाझम बारिश के बीच मुख्य मार्ग से गुजर रही एक बोलेरो गाड़ी पर अचानक एक विशालकाय पेड़ गिर पड़ा। हादसे के वक्त गाड़ी में तीन लोग सवार थे, जो पूरी तरह सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक शुरू हुई तेज आंधी और बरसात के कारण सड़क किनारे मौजूद एक विशाल पेड़ अचानक भरभराकर सीधे बोलेरो गाड़ी के ऊपर आ गिरा। पेड़ गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। गनीमत यह रही कि पेड़ का मुख्य भारी हिस्सा गाड़ी के उस भाग पर नहीं लगा, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी में फंसे तीनों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पेड़ के मुख्य मार्ग पर गिरने के कारण रास्ते का आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम कटर और मशीनों की मदद से गिरे हुए पेड़ की टहनियों को काटकर रास्ते से हटाने के कार्य में जुटी हुई है, ताकि जल्द से जल्द यातायात व्यवस्था को बहाल किया जा सके।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *