खरीफ किसान मेला व कृषि ज्ञान संगोष्ठी का आयोजन सम्पन्न

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत संभागीय कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केन्द्र, कोटवॉ, आजमगढ़ में एक दिवसीय खरीफ किसान मेला और कृषि ज्ञान संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न गांवों से आए सैकड़ों किसानों को कृषि तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा मृदा (मिट्टी) परीक्षण की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों को जागरूक करते हुए बताया कि खेतों में फसलों के अवशेष (पराली) जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति को भारी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने फसलों के अवशेषों को खेतों में न जलाने की सलाह देते हुए, इससे जैविक खाद बनाने की वैज्ञानिक विधियों के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही, पशुपालकों को पशुओं में होने वाले रोगों और उनके रोकथाम के उपायों की भी विस्तृत जानकारी दी गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, प्रदेश महामंत्री किसान मोर्चा भाजपा घनश्याम पटेल द्वारा कृषि विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने समस्त उपस्थित किसानों को इन सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। खरीफ किसान मेला एवं कृषि ज्ञान संगोष्ठी के इस मौके पर संयुक्त कृषि निदेशक आजमगढ़ मण्डल, भूमि संरक्षण अधिकारी हरिराज सिंह, जिला कृषि अधिकारी एसएन चौधरी, कृषि रक्षा अधिकारी हिमांचल सोनकर, और कृषि विज्ञान केन्द्र लेदौरा आजमगढ़ के वरिष्ठ वैज्ञानिक/अध्यक्ष डा० एलसी वर्मा सहित कई अन्य कृषि वैज्ञानिक, सहायक प्राध्यापक और तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *