आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भारत विकास परिषद इलीट शाखा काशी प्रांत के तत्वावधान में रोडवेज स्थित एक होटल के सभागार में महिला सहभागिता संयोजिका मनीला अग्रवाल के नेतृत्व में हरियाली तीज एवं जन्माष्टमी उत्सव बड़े ही धूमधाम और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर शाखा की महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए भारतीय परंपरा और लोक संस्कृति की सुंदर छटा बिखेरी।
कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद के मुख्य मूल्यों सम्पर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण के संदेश के साथ वरिष्ठ सदस्य रेखा अग्रवाल के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। दोपहर बाद शुरू हुए इस आयोजन में विविध प्रतियोगिताओं व प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।
महिलाओं ने पारंपरिक कजरी गीतों की मधुर तान छेड़ी और राधा-कृष्ण के प्रेम पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। सास-बहू पर आधारित एक हास्य व संदेशप्रद नाटक का मंचन किया गया, जिसे उपस्थित जनों ने खूब सराहा। इसके साथ ही कई मजेदार इनडोर गेम्स का भी आयोजन हुआ। रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में एक विशेष राखी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं व बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। समारोह के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया और सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को तीज एवं जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही प्रियवन्दिता बरनवाल, सुमन बरनवाल, गरिमा, सिखा, पूजा, लतिका, कीर्ति, योगिता, मोनिका, डिंपल, अर्चना, नूतन, आभा, निक्की, सारिका, अंशु, रेनू की विशेष उपस्थिति रही।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार