दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाले चार शातिर चढ़े हत्थे

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना पुलिस ने रोडवेज के समीप स्थित रेडीमेड कपड़े की दुकान का शटर काटकर हुई चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया।
ग्राम मडोही निवासी पीड़ित अमित कुमार पुत्र स्व. लालबहादुर ने 5 नवंबर को तहरीर देकर बताया था कि 4 नवंबर की रात अतरौलिया रोडवेज के पास स्थित उनकी एस.के.एफ. फैशन गारमेंट्स की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी व भारी मात्रा में रेडीमेड कपड़े पार कर दिए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी थी।
उपनिरीक्षक संजय सिंह व उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सेल्हरापट्टी अंडरपास के पास घेराबंदी करते हुए चारों अभियुक्तों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से छह प्लास्टिक की बोरियों में भरा माल बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए चारों अभियुक्तों की पहचान रोशन निवासी कस्बा अतरौलिया, अनुराग निवासी महादेवपुर, थाना अतरौलिया, अंकित निवासी कौरीपुरा डीभियाऊ, थाना जलालपुर, जनपद अम्बेडकर नगर व सचिन निवासी करीमनगर, थाना कटका, जनपद अम्बेडकर नगर के रूप में हुई।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *