फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम जौमा में सोमवार देर रात विधायक निधि से लगी हाईमास्ट लाइट को जलाने-बुझाने को लेकर एक ही समुदाय के दो परिवारों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर के साथ धारदार हथियारों का भी प्रयोग हुआ, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्राम पंचायत जौमा के धोबियाना मोहल्ले में सोमवार को सलाम के पुत्र ओकाश उर्फ सुग्गु की शादी थी। बारात जाने के बाद मंगलवार को दावत-ए-वलीमा का कार्यक्रम होना था, जिसके चलते परिजन तैयारियों में जुटे थे। इसी मोहल्ले में खलिहान की भूमि पर विधायक निधि से हाईमास्ट लाइट लगाई गई है, जिसे पूर्व प्रधान मो. अकरम के प्रयास से स्थापित कराया गया था। लाइट के नियंत्रण (आधिपत्य) को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था।
बताया जाता है कि सोमवार रात सार्वजनिक लाइट बंद थी, जिसे लालधारी यादव के बेटे ने ताला तोड़कर जला दिया। इस पर पूर्व प्रधान के बेटों ने आपत्ति जताते हुए उससे पूछताछ की, जिससे विवाद बढ़ गया। इस दौरान पूर्व प्रधान मा.े अकरम और इस्लाम के परिवार आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। इस्लाम पक्ष के मो. आतिफ 20 वर्ष पुत्र बदरुद्दीन, धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सच्चिदानंद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। घायल आतिफ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद ने बताया कि घायल के पिता बदरे आलम पुत्र मो. शोएब की तहरीर पर पूर्व प्रधान मो.अकरम समेत 5 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय