मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले में 14 किलो के नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन पर लगी रोक का असर मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के साथ जिले भर के परिवारों पर भी साफ दिख रहा है। नए कनेक्शन के लिए आवेदन न लिए जाने से रसोई का बजट गड़बड़ाने लगा है और लोग वैकल्पिक इंतजामों के सहारे काम चलाने को मजबूर हैं।
क्षेत्र के जिवली स्थित उदय भारत गैस के संचालक विपुल राय ने बताया कि नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन पर रोक की वजह से ग्राहक कनेक्शन के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन आवेदन स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। जिले भर में मार्च 2026 से अब तक आठ माह से नए घरेलू कनेक्शन के आवेदन न लिए जाने के कारण आवेदकों को एजेंसी से लेकर जिला पूर्ति कार्यालय तक निराशा हाथ लग रही है। इस रोक के कारण कई परिवार मजबूरी में व्यावसायिक सिलेंडर से काम चला रहे हैं, तो वहीं कुछ क्षेत्रों में अवैध रिफिलिंग की शिकायतों की चर्चा भी है। नियमों के तहत जिन इलाकों में पीएनजी (पाइप नेचुरल गैस) उपलब्ध है, वहां नए एलपीजी कनेक्शन जारी नहीं हो रहे हैं, लेकिन इसका असर उन क्षेत्रों के लोगों पर भी पड़ रहा है जहां अभी पीएनजी लाइन नहीं पहुंची है। आपूर्ति विभाग ने घरेलू कनेक्शन के विकल्प के तौर पर 10 किलो का व्यावसायिक सिलेंडर लेने की व्यवस्था दी है। इस तरह व्यावसायिक गैस उपभोक्ताओं को करीब ढाई गुना तक महंगी पड़ रही है।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी