बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की बदहाली को लेकर उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बूढ़नपुर-मुबारकपुर से मखनहां फीडर के नाम से संचालित विद्युत आपूर्ति में लगे तार, खंभे और इंसुलेटर लंबे समय से जर्जर अवस्था में हैं।
स्थानीय विद्युत उपभोक्ताओं का आरोप है कि आजादी के बाद से लगाए गए कई पुराने विद्युत तार और उपकरण आज तक नहीं बदले गए हैं। इसके चलते क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भगवान भरोसे चल रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि विद्युत विभाग की लापरवाही का आलम यह है कि कई स्थानों पर बिजली के खंभे लगाने के बजाय पेड़ों के सहारे तार बांधकर आपूर्ति बहाल कर दी जाती है। लोगों का आरोप है कि विभाग के पास पर्याप्त विद्युत पोल और तार उपलब्ध नहीं होने के कारण ऐसी व्यवस्था की जा रही है। इससे कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।
सबसे चिंताजनक स्थिति अतरैठ बाजार के भटनी मोड़ की है, जहां दशहरे से पहले से ही एक विद्युत पोल जर्जर और क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ा है। बाजारवासियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायत दी गई, लेकिन आज तक पोल को बदला नहीं गया।
स्थानीय लोगों को आशंका है कि कमजोर पोल कभी भी गिर सकता है और इसकी चपेट में राहगीर या दुकानदार आ सकते हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि विद्युत विभाग की ऐसी समस्याएं केवल एक स्थान तक सीमित नहीं हैं। क्षेत्र के कई हिस्सों में पुराने तार, जर्जर खंभे और खराब उपकरण लंबे समय से बदले जाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह