नगरवासियों को ओवरलोड से नहीं मिली राहत

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के सुदनीपुर स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से नगर पंचायत फूलपुर सहित तहसील मुख्यालय और कनेरी फीडर का संचालन किया जाता है। नगर पंचायत फूलपुर में लंबे समय से एक ही विद्युत लाइन के माध्यम से पूरे नगर को बिजली आपूर्ति की जा रही है। इसके चलते ओवरलोड और लाइन में फाल्ट आने पर पूरे नगर की बिजली आपूर्ति बाधित करनी पड़ती है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रस्तावित टाउन-टू फीडर का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था की उदासीनता के चलते अब तक अधूरा पड़ा है।
नगर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अवर अभियंता विद्युत सुदनीपुर देवेंद्र प्रताप सिंह ने टाउन-टू फीडर लाइन का प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा था। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद लाइन निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें आजमगढ़ की कार्यदायी संस्था मेसर्स आदित्य कंस्ट्रक्शन को काम मिला।
कार्यदायी संस्था ने करीब छह माह पूर्व विद्युत उपकेंद्र सुदनीपुर से नगर पंचायत फूलपुर तक विद्युत पोल तो खड़े कर दिए और कुछ खंभों पर तार भी लगा दिए, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। करीब एक साल होने को है, लेकिन टाउन-टू फीडर लाइन का काम पूरा नहीं हो सका है।
लाइन चालू नहीं होने से नगरवासियों को अब तक ओवरलोड की समस्या से राहत नहीं मिल पाई है। वहीं, मौजूदा लाइन में फाल्ट आने पर मरम्मत के लिए पूरे नगर की बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ती है। यदि टाउन-टू फीडर चालू हो जाता तो वैकल्पिक व्यवस्था मिलने से आपूर्ति बाधित होने की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती थी।
बताया जाता है कि अवर अभियंता की ओर से कार्यदायी संस्था को कई बार काम पूरा करने के लिए कहा गया, लेकिन इसके बावजूद कार्य में तेजी नहीं आई। इस संबंध में उपखंड अधिकारी विद्युत सुजीत कुमार ने बताया कि टाउन-टू फीडर का कार्य जल्द पूरा कराने के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया गया है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *