आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में बुधवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयुष्मान भारत गोल्डेन कार्ड की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे परिवार जिसमें किसी भी व्यक्ति का अथवा एक ही परिवार के अन्य पात्र लाभार्थियों का गोल्डेन कार्ड नहीं बना है, को चिन्हित कर गोल्डेन कार्ड बनाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि खण्ड विकास अधिकारी एवं एमओआईसी यह सुनिश्चित करें कि पंचायत सहायकों की प्रत्येक आईडी पर कम से कम 10 गोल्डेन कार्ड प्रत्येक दिन बनाया जाय।
जिलाधिकारी ने बिलरियागंज, रानी की सराय, तरवां, जहानागंज एवं फूलपुर में गोल्डेन कार्ड बनाए जाने की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिया कि संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाय। उन्होंने सीएमओ से कहा कि जो कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं अथवा समय से ऑफिस नहीं आ रहे हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाय। उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसियों से बात कर तत्काल उनकी जगह पर दूसरे व्यक्ति की तैनाती सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आशाओं की जिम्मेदारी तय करते हुए पात्र लाभार्थियों को सीएचओ एवं पंचायत सहायकों के पास लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि एक ग्राम पंचायत में पात्र लाभार्थी न मिलने पर अथवा पात्र व्यक्तियों का गोल्डेन कार्ड बन जाने पर दूसरे ग्राम पंचायत में भी पात्र व्यक्तियों को खोज कर पंचायत सहायकों द्वारा कार्ड बनाना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि कोई भी पंचायत सहायक किसी भी ग्राम पंचायत में पात्र व्यक्तियों का गोल्डेन कार्ड बना सकता है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार