मतदाता पुनरीक्षण में बूथों पर मौजूद रहें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि: एसडीएम

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को फूलपुर तहसील में उपजिलाधिकारी निकेत वर्मा की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति में निर्धारित तिथियों पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
बैठक में समाजवादी पार्टी और भाजपा के प्रतिनिधियों के साथ सभासद, ग्राम प्रधान एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपजिलाधिकारी ने बताया कि 18 और 24 अक्टूबर को निर्धारित मतदान केंद्रों पर बीएलओ की मौजूदगी में विशेष मतदाता पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। इस दौरान राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय प्रतिनिधि भी उपस्थित रहकर मतदाता सूची के सत्यापन में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि जिन पात्र लोगों के नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सके हैं, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम जोड़ने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत फार्म-6 भरवाकर ऑनलाइन आवेदन कराया जाए। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज 80 वर्ष से अधिक तथा 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के विवरण का सत्यापन कर उनकी प्रविष्टियों की शुद्धता सुनिश्चित की जाए। मृत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बीएलओ का सहयोग करें तथा नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने, अपात्र प्रविष्टियों की जांच और मृत मतदाताओं के नाम हटवाने की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएं।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *