आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुलिस अधीक्षक ने कार्य में लापरवाही बरतने पर एक आरक्षी को बर्खास्त कर दिया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई करते हुए आरक्षी को बर्खास्त कर दिया। आरक्षी नागरिक पुलिस राजेश कुमार थाना पवई में तैनात था। 30 अगस्त 2018 को वह एक दिन का अवकाश लेकर अपने घर गया। अवकाश समाप्त होने के बाद 31 अगस्त 2018 को दोपहर को उसको ड्यूटी पर उपस्थित होना था लेकिन वह उपस्थित नहीं हुअ। उसके बाद आरक्षी राजेश कुमार लगातार अनुपस्थित रहने लगा। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने आरक्षी द्वारा लगातार अनुपस्थित रहने पर इसे कार्यों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, उदासीनता बरतने के आरोप में प्रकरण की प्रारंभिक जांच क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर तथा विभागीय कार्यवाही सिद्धार्थ तोमर, पीठासीन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी नगर से कराई। जांच में उक्त आरक्षी 31 अगस्त 2018 से लगातार 1542 दिन अनुपस्थित रहने का दोषी पाया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा आरक्षी को अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने हेतु कई मौका दिया गया लेकिन उक्त आरक्षी द्वारा कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बुधवार को आरक्षी राजेश को आरक्षी पद की सेवा से बर्खास्त कर दिया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार