घर से लापता युवक का खजूरी नहर में मिला शव, हत्या की आशंका

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया थाना क्षेत्र के जमीन अगया गांव से सोमवार शाम घर से लापता हुए 25 वर्षीय युवक का शव मंगलवार सुबह अहिरौला थाना क्षेत्र के खजूरी नहर में मिलने से सनसनी फैल गई। सोशल मीडिया पर शव मिलने की सूचना और तस्वीर प्रसारित होने के बाद परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कुंदन पुत्र कालीचरन के रूप में की। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार जमीन अगया गांव निवासी कुंदन सोमवार शाम करीब पांच बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अहिरौला थाना क्षेत्र में खजूरी नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली। शव मिलने की खबर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद कुंदन के परिजन मौके पर पहुंचे। पिता कालीचरन ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की।
शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां बादामा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची अहिरौला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया गया कि कालीचरन दिहाड़ी मजदूरी करते हैं, जबकि कुंदन भी मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
इनसेट-
भाई ने जताई हत्या की आशंका
अतरौलिया आजमगढ़। मृतक के भाई रामनारायण ने हत्या की आशंका जताई है। उसका कहना है कि करीब एक सप्ताह पहले चौबेपुर मंगूरगढ़ में कुंदन का कुछ लोगों से कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। इस मामले में अतरौलिया थाने में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता भी कराया गया था। परिजनों ने इसी घटना को युवक की मौत से जोड़ते हुए जांच की मांग की है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *