आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम कटघर में पुराने शिव मंदिर से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला महामंत्री मिथिलेश चौरसिया के माध्यम से दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि कटघर गांव स्थित पुराने शिव मंदिर के पास श्राद्ध आदि के कार्य भी किए जाते हैं। लेकिन रास्ता बाधित होने के कारण ग्रामीणों को इन कार्यों के दौरान काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर के पास स्थित पोखरी का पूर्व ग्राम प्रधान द्वारा सुंदरीकरण कराया गया था। आरोप है कि वर्तमान में नई बस्ती के घरों से निकलने वाला नाली का गंदा पानी पोखरी में गिर रहा है। इससे पोखरी की साफ-सफाई और धार्मिक उपयोग प्रभावित होने की बात कही गई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित राजस्व कर्मियों को मौके पर भेजकर रास्ते और खोर की पैमाइश कराई जाए। साथ ही मंदिर तक जाने वाले रास्ते को सुरक्षित और सुगम कराया जाए तथा उत्तर दिशा में पूरब से पश्चिम जाने वाली खोर को चकमार्ग से जोड़ा जाए। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते की समस्या का समाधान होने से मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ गांव के लोगों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार