जर्जर विद्युत तार की चपेट में आने से युवक की मौत

शेयर करे

पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के दोस्तपुर (लहुरामपुर) गांव में विद्युत तार की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी मातम का माहौल है।
दोस्तपुर (लहुरामपुर) निवासी सुनील कुमार पुत्र राम उजागिर अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए घर आया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान खंभे से विद्युत तार गिर गया, जिसकी चपेट में आने से वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत उपकेंद्र माहुल क्षेत्र में बिजली के तार काफी जर्जर हालत में हैं। जर्जर तार टूटकर गिरने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। बताया गया कि मृतक किसी निजी कंपनी में कार्य करता था और अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए घर आया था। सुनील कुमार के परिवार में पांच वर्षीय बेटी और एक वर्षीय बेटा हैं। उसकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पवई थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था की जांच कर जर्जर तारों को बदलवाने की मांग की है।
रिपोर्ट-नरसिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *