गांव के लिए आवंटित जनसेवा केंद्रों का तहसील परिसर में कब्जा

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तहसील क्षेत्र के गांवों के नाम पर संचालित जनसेवा केंद्रों के तहसील परिसर में ही खुलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होने वाले इन केंद्रों के संचालकों ने तहसील परिसर में अनधिकृत रूप से अपना ठिकाना बना लिया है। इतना ही नहीं, कुछ केंद्र संचालकों पर तहसील की बिजली का तार जोड़कर इस्तेमाल करने का भी आरोप है।
तहसील परिसर में प्रवेश करते ही ग्रामीण न्यायालय और सीओ कार्यालय के सामने कई जनसेवा केंद्र संचालित दिखाई देते हैं। बताया जाता है कि इनमें से कई केंद्र तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के नाम पर आवंटित हैं। नियमानुसार इनका संचालन संबंधित गांवों में होना चाहिए, लेकिन तहसील परिसर में ही इनके संचालन से व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
केंद्र संचालकों और तहसील आने वाली जनता के बीच विवाद की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं। आरोप है कि कई बार तहसील कर्मचारियों से भी विवाद हो चुका है। सरकारी परिसर में अनधिकृत रूप से केंद्रों के संचालन और सरकारी बिजली के कथित इस्तेमाल से सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का सवाल भी उठ रहा है।
बताया जाता है कि यह पूरा मामला तहसील के अधिकारियों के संज्ञान में होने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने तहसील परिसर से अनधिकृत जनसेवा केंद्रों को हटाने और सरकारी बिजली के कथित इस्तेमाल की जांच कराने की मांग की है।
उपखण्ड अधिकारी विद्युत फूलपुर सुजीत कुमार ने बताया कि पूर्व में तहसील परिसर और बाहर जो भी दुकान गोमती बिना कनेक्शन के बिद्युत का प्रयोग कर रहे थे उनका कनेक्शन काट दिया गया था। फिर चला रहे हैं तो पुनः विद्युत बिच्छेदन के साथ इस बार कार्यवाही होगी। इस संबंध में उपजिलाधिकारी फूलपुर निकेत वर्मा का कहना है कि इसकी जानकारी मुझे नहीं है। यदि इस तरह हो रहा है तो वह गलत है। इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *