सीएमओ ने दो पीएचसी का किया औचक निरीक्षण

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में रविवार को जिले के 76 स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने पल्हनी विकास खंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महाराजपुर और जमीं फरेंदा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने उपस्थिति पंजिका, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों के उपचार की स्थिति देखी। महाराजपुर पीएचसी पर सभी चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि जन आरोग्य मेले में आने वाले मरीजों को आवश्यक जांच, उपचार और चिकित्सकीय परामर्श समय से उपलब्ध कराया जाए तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर किया जाए।
जिले के 76 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेले में 84 चिकित्सकों और 269 पैरामेडिकल कर्मियों ने सेवाएं दीं। कुल 2047 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जिसमें 867 पुरुष, 875 महिलाएं और 305 बच्चे शामिल रहे। पात्र लाभार्थियों के 42 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए, जबकि कोविड हेल्प डेस्क पर 201 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई।
सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला लोगों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच, उपचार और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के निर्देश देते हुए कहा कि दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता और स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *