मंजूषा नदी में डूबे किशोर का शव बरामद

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के शमशाबाद (बरसातीगंज) के पास शुक्रवार दोपहर मंजूषा नदी में नहाते समय डूबे 14 वर्षीय किशोर प्रियांशु गौतम का शव करीब 18 घंटे बाद शनिवार सुबह बरामद कर लिया गया। शव उस स्थान से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सजनी अनुसूचित बस्ती निवासी पप्पू गौतम का पुत्र प्रियांशु गौतम शुक्रवार को अपने कुछ साथियों के साथ मंजूषा नदी के किनारे गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ मौजूद बच्चों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही अहरौला थानाध्यक्ष रामकिशोर शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फूलपुर तहसील के राजस्व निरीक्षक सुनील कुमार और लेखपाल हरिदर्शन भी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में किशोर की तलाश शुरू कराई गई। काफी प्रयास के बावजूद देर रात तक उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद रौनापार से प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम को भी बुलाकर तलाशी अभियान चलाया गया। शनिवार सुबह करीब छह बजे घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर नदी में प्रियांशु का शव दिखाई दिया। टीम ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया, जहां पंचनामा भरने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की गई। प्रियांशु कक्षा पांच का छात्र था। उसके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में खाड़ी देश में रहते हैं।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *