आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अन्याय, शोषण, भ्रष्टाचार, भ्रष्ट राजनीति के विरुद्ध संघर्षरत और सेवा को समर्पित संगठन भारत रक्षा दल द्वारा अपने स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए जनपद मुख्यालय स्थित सभी अधिवक्ता बार एसोसिएशन के वरिष्ठतम अधिवक्ताओं व अन्य लोगों को सम्मानित किया।
सर्वप्रथम वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीराम त्रिपाठी, जयप्रकाश एडवोकेट, किलेंदर उपाध्याय एडवोकेट ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संगठन के परिचय सत्र में दल की नीतियों सिद्धांतों उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए विगत 27 वर्षों में संगठन द्वारा किए गए कार्यों उपलब्धियां के बारे में बताया।
वक्ताओं ने कहा कि भारत रक्षा दल के लोगों ने जनपद में सेवा और संघर्ष की जो लकीर बना दी है वह लोगों व भावी पीढ़ियों को उत्साहित व नकल करने योग्य है। सेंट्रल बार एसोसिएशन से जयप्रकाश राय एडवोकेट, कलेक्ट्रेट बार से श्रीराम त्रिपाठी एडवोकेट व अन्य दर्जनों लोगों को सम्मानित किया गया।
हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने कहा कि सेवा सुचिता ईमानदारी की सोच वाले लोग संगठन के साथ थे हैं और रहेंगे, समाज में मानवतावाद को नकार कर जातिवाद धर्मवाद का विष फैलाने वाले लोगों और इतना ही नहीं महापुरुषों को भी जाति वर्ग के अनुसार अपना अपना बताने वालों को हतोत्साहित को करने में हमारा संगठन विशेष भूमिका अदा कर रहा है। कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश ने भी संबोधित किया।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार