प्रशासनिक सुस्ती और भूमाफियाओं के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

शेयर करे

आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में प्रशासनिक सुस्ती और भूमाफियाओं के बढ़ते आतंक के खिलाफ आज़ाद समाज पार्टी और भीम आर्मी ने कड़ा रुख अपनाते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए मोर्चा खोल दिया है। रानी की सराय थाना क्षेत्र में फर्जी बैनामे का विरोध करने वाले किसान राजेश कुमार की संदिग्ध मौत, अहरौला क्षेत्र में युवक कुंदन की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस द्वारा दबाव बनाकर तड़के भोर में जबरन अंतिम संस्कार कराने का मामला, और तरवा थाना क्षेत्र में कैंसर पीड़ित महिला निर्मला देवी को पुश्तैनी जमीन पर मकान बनवाने से रोकने जैसी गंभीर घटनाओं ने जिले की कानून व्यवस्था पर गहरे सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
इन तमाम गंभीर मामलों को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर रावण के निर्देश पर प्रदेश महासचिव विनय सागर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी जताई। पार्टी नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि सभी मामलों में तत्काल गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर दोषियों और संदिग्ध भूमिका वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी और पीड़ित परिवार चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा और यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो मजबूरन कलेक्ट्रेट परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
इस दौरान संध्या, प्रियंका, आशु कुमार, निर्मला देवी, शेषनाथ राव, संजय कुमार, शुभम जाटव, मोतीलाल कुमार, जनार्दन, एसपी बादलराज, विशाल कुमार, शिवनाथ कुमार, ललित कुमार, प्रहलाद आजाद, नीतीश कुमार आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *