गन्ना किसानों की समस्याओं का तत्काल हो समाधान

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नफीस अहमद ने गन्ना किसानों के साथ हो रहे कथित सौतेले व्यवहार और शोषण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।
मंगलवार को किसानों संग जिला मुख्यालय पहुंचे विधायक ने उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग को जिलाधिकारी के माध्यम से पत्र भेजकर गोपालपुर और सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की है। विधायक का आरोप है कि देवारंचल क्षेत्र में 80 प्रतिशत गन्ने को बिना ठोस प्रमाण के रिजेक्ट घोषित कर दिया गया है, जबकि अन्य क्षेत्रों में वही गन्ना सामान्य माना गया है। पर्ची कैलेंडर में देरी के कारण किसानों को जनवरी-फरवरी तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे गेहूं की बुवाई प्रभावित होती है। समय पर आपूर्ति न होने से किसानों का बेसिक सट्टा घट जाता है और अगले सत्र में पर्चियां कम मिलती हैं।
विधायक ने मांग की है रिजेक्ट गन्ने को सामान्य प्रजाति में बदला जाए, सर्वे किसानों के सट्टा कोड पर हो, और समय पर पर्चियां जारी कर किसानों का आर्थिक शोषण रोका जाए।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *