माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला ब्लॉक के अतरडीहा गांव में सरकारी खाद्यान्न की कथित खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंचे फूलपुर के नायब तहसीलदार राजाराम ने मौके से ढाई बोरी गेहूं और एक बाइक बरामद कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहीं, कोटेदार का पति बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।
अतरडीहा गांव की कोटेदार सरिता पत्नी रामधनी के यहां ट्रक से सरकारी खाद्यान्न उतारा जा रहा था। इसी दौरान कोटेदार का पति गेहूं की बोरियां अपनी बाइक पर लाद रहा था। तभी फूलपुर के नायब तहसीलदार राजाराम मौके पर पहुंच गए। उन्हें देखते ही कोटेदार का पति बाइक पर गेहूं लेकर भागने लगा। इस दौरान ढाई बोरी गेहूं और बाइक मौके पर ही रह गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंची माहुल पुलिस चौकी की पुलिस को बाइक और ढाई बोरी गेहूं सुपुर्द कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदारों के पति सरकारी राशन की खरीद-फरोख्त कर उससे आटा तैयार करवाते हैं और बाजार में बेचते हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस संबंध में नायब तहसीलदार फूलपुर राजाराम ने बताया कि बाइक और ढाई बोरी गेहूं पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-श्यामसिंह