संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मिर्जापुर ब्लॉक अंतर्गत साधन सहकारी समिति पेन्डरा मोहिद्दीनपुर व सहकारी समिति संजरपुर, सहकारी समिति फरीदूनपुर, सहकारी समित अबडीहा सभी जगहों पर ताला लटका हुआ है। किसान सुबह पहुंचकर देखकर चले आते हैं। उनको यह आस रहती है कि हो सकता है आज समिति का ताला खुल जाए।
पेन्डरा, मोहिद्दीनपुर में मंगलवार को सुबह लगभग 4 बजे से ही समिति पर सैकड़ों की संख्या में किसान लाइन में खड़े हो गए थे कि आज हो सकता है सचिव द्वारा ताला खोला जाए। खाद का वितरण किया जाएगा? ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह से ग्रामीणों का यही हाल है की सुबह भोर से समित पर आकर लाइन में लग जाते हैं। सुबह दस बजे इंतजार करने के बाद ही घर वापस लौटना होता है।
इस संबंध में रीता सिंह, सभापति पेन्डरा मोहिद्दीनपुर ने बताया कि 13 अक्टूबर को 300 बोरी डाई और 100 बोरी एमपीके का पैसा इफ्को पीसीएफ आजमगढ़ को ट्रांसफर कर दिया गया है, लेकिन अभी तक समित पर खाद नहीं पहुंच पाई है, जिससे किसानों के लिए मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि संजरपुर के सचिव राधेश्याम रावत, पेन्डरा मोहिद्दीनपुर के सचिव चंद्रपति यादव, फरीदूनपुर के सचिव राकेश यादव अबडीहा के सचिव बद्री यादव के भरोसे 11 सोसाइटी का चार्ज दिया गया है। उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर से ही सभी सचिव हड़ताल पर हैं, जिससे किसानों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में किसान दुर्गा प्रसाद सिंह ने बताया कि चना मटर, आलू बोने के लिए खेत पूरी तरह से तैयार हो गया है। डाई खाद न मिलने की वजह से खेत की बुआई नहीं हो पा रही है। किसान अजय पांडेय ने बताया कि डाई खाद न मिलने के कारण चना मटर जौ की बुवाई लेट हो रही है, जिससे पैदावार कम होने की संभावना बनी हुई है। किसान निखिल राय ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सहकारी समिति पर खाद उपलब्ध कराने की मांग किया है।
रिपोर्ट-राहुल यादव