लालगंज के ऐतिहासिक मेले के दूसरे दिन उमड़ा जनसैलाब

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शरद पूर्णिमा के अवसर पर नगर में चल रहे ऐतिहासिक मेले के दूसरे दिन लालगंज बाजार भक्ति और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया। पूरा बाजार रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता रहा और भव्य पंडालों में विराजमान शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा नगर गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने पंडालों में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और सुख-समृद्धि की कामना की। शाम ढलते ही मेले में लोगों की भीड़ बढ़ने लगी और देर रात तक बाजार में जनसैलाब उमड़ा रहा। जगह-जगह आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रंगारंग झांकियों ने मेले की रौनक में चार चांद लगा दिए।
मेले के दूसरे दिन लालगंज बाजार दुल्हन की तरह सजा नजर आया। बाजार की सड़कों और दुकानों पर आकर्षक सजावट के साथ रंग-बिरंगी लाइटों की चमक देखते ही बन रही थी। भव्य पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए लोग परिवार के साथ पहुंचे। मां के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भक्ति गीतों की धुन पर युवा झूमते नजर आए, वहीं मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
ऐतिहासिक मेले का प्रमुख आकर्षण रंगारंग सांस्कृतिक मंच रहा, जहां गीत-संगीत और मनोरंजक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया। मेले में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *