आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मण्डलायुक्त विवेक ने अटल आवासीय विद्यालय के संचालन हेतु गठित मण्डल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि अटल आवासीय विद्यालय में श्रमिकों के अत्यन्त गरीब बच्चे शिक्षा प्राप्त करते हैं, इसलिए उनके खान पान के साथ ही शारीरिक विकास हेतु समुचित सुविधायें भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए।
मण्डलायुक्त मंगलवार को आयुक्त सभागार में आयोजित उक्त बैठक में छात्र/छात्राओं के पठन पाठन के साथ ही विद्यालय की मूलभूत आवश्यकताओं की समीक्षा करते हुए अधिशासी अभियन्ता, निर्माण खण्ड-5, लोनिवि को निर्देश दिया कि विद्यालय में अनुरक्षण व्यय मद के अन्तर्गत जो कार्य कराये जाने हैं उसे शीघ्र पूर्ण करायें। इसी क्रम में उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया विद्यालय के मेस, फैसिलिट मैनेजमन्ट, बेडिंग सामग्री, स्पोर्ट सामग्री, दैनिक उपभोग सामग्री आदि जो भी सामग्री क्रय की जाती है उसकी मात्रा के साथ ही गुणवत्ता को देखें। बैठक में अवगत कराया गया कि अतिरिक्त आवास निर्माण कराये हेतु 2 एकड़ भूमि का चिन्हांकन कर लिया गया है। मण्डलायुक्त विवेक ने निर्देश दिया कि उक्त निर्माण का स्टीमेट आदि तैयार कर शीघ्र शासन को प्रेषित किया जाय। उन्होंने विद्यालय के छात्र/छात्राओं के शारीरिक विकास के दृष्टिगत प्रस्तावित जिम फैसिलिटी, टेबल टेनिस व कबड्डी मैट स्थापित किये जाने के बिन्दु पर चर्चा करते हुए कहा कि विद्यालय में पर्याप्त संख्या में बच्चे अध्ययनरत हैं, इसलिए इन खेलों के अलावा और भी खेल जैसे-बास्केट बाल, वालीबाल, फुटबाल, क्रिकेट आदि को भी जोड़ा जाय तथा खेल विभाग से इनके सामानों के क्रय का स्टीमेट प्राप्त करें।
मण्डालयुक्त विवेक ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि शिक्षण सत्र के दौरान यदि किसी अध्यापक की शिकायत आती है तो इसे तत्काल समिति के समक्ष रखना सुनिश्चित करें। उन्होंने बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराये जाने के दृष्टिगत बैठक में उपस्थित नवोदय विद्यालय के प्राचार्य से उनके विद्यालय के बच्चों को दिये जाने वाले भोजन आदि के बारे में जानकारी करने पर अवगत कराया गया कि विद्यालय के भोजन मीनू के अनुसार सप्ताह में दो दिन अण्डे भी उपलब्ध कराये जाते हैं। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि अटल आवासीय विद्यालय के छात्र/छात्राओं को भी उनकी डिमाण्ड के अनुसार भोजन में तत्काल प्रभाव से अण्डे उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाय।
रिपोर्ट-सुबास लाल