सालों से लंबित नाली और खड़ंजे का निर्माण शुरू

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकास खंड की ग्राम पंचायत मतलूबपुर में वर्षों से लंबित नाली और खड़ंजे के निर्माण का कार्य आखिरकार प्रशासन की पहल पर सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया। इससे जल निकासी और आवागमन की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
नाली और खड़ंजे का निर्माण लंबे समय से बाधित था। जल निकासी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने कई बार शिकायत और विरोध जताया था। समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने कई मकानों पर ‘घर बिकाऊ है’ के पोस्टर भी लगाए थे। ग्रामीणों ने पूर्व में चेतावनी दी थी कि यदि समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो जनप्रतिनिधियों के गांव में प्रवेश का विरोध किया जाएगा। ग्रामीणों के विरोध और मकानों पर लगाए गए पोस्टरों के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इसके बाद नाली और खड़ंजे का निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि नाली का निर्माण पूरा होने के बाद जल निकासी की समस्या काफी हद तक दूर होगी और आवागमन भी सुगम होगा। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा कराने की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई, जिसके बाद नाली एवं खड़ंजे का निर्माण कार्य आगे बढ़ाया गया।
इस दौरान एसडीएम बूढ़नपुर चन्द्र प्रकाश सिंह, नायब तहसीलदार विवेकानंद, बीडीओ अहरौला संतोष कुमार, कानूनगो, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी सहित पुलिस बल सहित ग्रामीण एवं प्रभावित परिवार भी मौके पर उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *