पंचायत भवनों में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शहरों में संचालित निजी डिजिटल लाइब्रेरी में शुल्क देकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को अब गांव में ही यह सुविधा मिल सकेगी। शासन की पहल के तहत पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सुविधा मिलेगी।
फूलपुर ब्लाक की 14 ग्राम पंचायतों का डिजिटल लाइब्रेरी के लिए चयन किया गया है। इनमें जाफरपुर, जई, बखरा, बीबीगंज, बूढ़ापुर बदल, मुंडवर, हथिनोरा कला, बक्सपुर, मिजवां, महुवारा, बैसाडीह, नूरपुर, चकिया चकमुर्तुजा और मीर अहमदपुर रममोपुर-कतरानूरपुर आदि ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
डिजिटल लाइब्रेरी में सरकार की ओर से प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित 1242 पुस्तकें, छह लोहे की आलमारियां, 13 कुर्सियां, पांच मेज, दो कंप्यूटर, एक बड़ी एलईडी टीवी, प्रिंटर और इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। रममोपुर में डिजिटल लाइब्रेरी बनकर तैयार हो चुकी है। ग्राम पंचायत की ओर से ग्राम निधि से अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
बीडीओ फूलपुर फूलचंद सरोज ने बताया कि वर्तमान में 14 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। धीरे-धीरे अन्य ग्राम पंचायतों में भी यह व्यवस्था शुरू की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र के किसान, मजदूर और अन्य परिवारों के बच्चे इस सुविधा का निशुल्क लाभ उठाकर एकांत में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *