लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना बरदह पुलिस ने इलाज में लापरवाही के आरोप में एक चिकित्सक को गिरफ्तार किया है। महिला की उपचार के दौरान मौत होने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी डाक्टर को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार, थाना बरदह क्षेत्र के खम्हौली गांव निवासी सुरेन्द्र बिन्द ने 7 मई को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी पूनम बिन्द के पेट में दर्द होने पर उन्हें मुक्तिपुर स्थित डा. चन्द्रसेन यादव के क्लीनिक पर इलाज के लिए ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि हालत में सुधार न होने पर दूसरे अस्पताल रेफर करने की बात कही गई, लेकिन डाक्टर ने अपने यहां ही इलाज जारी रखा और रेफर नहीं किया। आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण महिला की मौत हो गई। मामले में थाना बरदह पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी डाक्टर को सरायमोहन तिराहे से गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद