स्केटिंग से चार धाम की यात्रा पर निकले कन्हैया का हुआ स्वागत

शेयर करे

निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र में शनिवार सुबह एक अनोखी धार्मिक यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी। स्केटिंग के माध्यम से चारधाम और 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा पर निकले कन्हैया सुबह करीब दस बजे निजामाबाद पहुंचे। उनकी इस अनूठी यात्रा को देखने और सुनने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। धार्मिक यात्रा का स्वागत करते हुए लोगों ने सराहना की और उनके साहस व संकल्प की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
कन्हैया ने बताया कि वह बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए वाराणसी जा रहे हैं। उन्होंने अपनी इस धार्मिक एवं साहसिक यात्रा की शुरुआत 30 अक्टूबर 2025 को बहराइच जिले से की थी। उनका उद्देश्य स्केटिंग के जरिए पूरे भारत का भ्रमण करते हुए देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करना है। उन्होंने बताया कि पिछले सात माह से लगातार यात्रा करते हुए वह अब तक दर्जनों धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। कन्हैया ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक संदेश देने का भी माध्यम है। उन्होंने बताया कि उनकी यह स्केटिंग यात्रा वर्ष 2027 में गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर पहुंचकर पूर्ण होगी।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *