फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की शुक्रवार शाम मौत हो गई। घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि मामला सड़क दुर्घटना का है या किसी अन्य घटना का। युवक की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
सुदनीपुर निवासी 26 वर्षीय प्रदीप तिवारी उर्फ सोनू पुत्र प्रेम किशोर तिवारी चार मई को ज्ञान सागर की दुकान के पास खून से लथपथ और बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़े मिले। जिंदगी और मौत से जूझ रहे प्रदीप ने शुक्रवार शाम करीब सात बजे दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने घायल की मां बिन्ध्याचली देवी से सड़क दुर्घटना की तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन अब तक घटना की वास्तविकता सामने नहीं ला सकी है।
ग्रामीण अंकित, मनीष, आशीष, विपिन, महेंद्र प्रसाद, प्रमोद, रवि और अंगद सहित अन्य लोगों का कहना है कि यदि यह सड़क हादसा होता तो शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान होते, जबकि गंभीर चोट केवल सिर पर पाई गई। इसी आधार पर ग्रामीण घटना को संदिग्ध मान रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक फूलपुर देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना का मुकदमा दर्ज है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय