भाजपा की बढ़त पर विनोद राजभर के नेतृत्व में निकला विजय जुलूस

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पश्चिम बंगाल के चुनावों में भाजपा की शानदार बढ़त और प्रदर्शन से उत्साहित कार्यकर्ताओं का जोश सातवें आसमान पर नजर आया। भाजपा जिलाध्यक्ष (लालगंज) विनोद राजभर के नेतृत्व में एक विशाल विजय जुलूस निकाला गया। विजय जुलूस का शुभारंभ स्थानीय निरीक्षण भवन से हुआ। हाथों में पार्टी का झंडा लिए और भारत माता की जय के नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं का हुजूम केसरी सिंह चौक की ओर बढ़ा। इस दौरान पूरे मार्ग पर ढोल-नगाड़ों की गूंज रही। कार्यकर्ता सड़क पर जमकर थिरके। लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया और राहगीरों का मुंह मीठा कराया।
जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने इस बढ़त को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता दीदी के कुशासन और हिंसा की राजनीति को सिरे से नकार दिया है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के मंत्र और गृह मंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति की जीत है। आज अतरौलिया की धरती से हम बंगाल के उन वीर कार्यकर्ताओं को नमन करते हैं जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी कमल खिलाने का काम किया। यह तो बस शुरुआत है, आने वाले समय में भाजपा पूरे देश में अभेद्य दुर्ग स्थापित करेगी।
केसरी सिंह चौक पर कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। पटाखों की गूंज और समर्थकों के उत्साह ने माहौल को पूरी तरह उत्सव में बदल दिया। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे संगठन की मजबूती के लिए इसी ऊर्जा के साथ आगे भी कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर जिला कार्य समिति सदस्य अभिषेक सिंह सोनू, फूलचंद यादव, नीरज तिवारी, जयप्रकाश पांडे, देवनारायण पांडे, चन्द्रजीत तिवारी, सुनील पांडे, सुभाष निषाद, रमेश सिंह रामू,धर्मेंद्र निषाद उर्फ राजू, प्रदीप पांडे, प्रवीण सिंह, संजय सिंह शक्कू आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *