ग्राम प्रधानों ने उठाई कार्यकाल बढ़ाने की मांग

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकास खंड सभागार में शनिवार को ग्राम प्रधान संगठन की एक बैठक हुई। बैठक में पंचायत चुनाव, प्रशासनिक व्यवस्था और ग्राम प्रधानों के अधिकारों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से ग्राम प्रधानों के कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर ज्ञापन तैयार किया गया। ग्राम प्रधानों ने बीडीओ के माध्यम से राज्यपाल, उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि यदि राज्य निर्वाचन आयोग समय पर पंचायत चुनाव संपन्न कराता है तो ग्राम प्रधान संगठन इसका स्वागत करेगा। यदि किसी कारणवश चुनाव प्रक्रिया स्थगित की जाती है तो ग्राम पंचायतों में प्रशासक नियुक्त करने के बजाय वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए।
प्रधानों का कहना था कि ग्राम प्रधान लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि होते हैं, ऐसे में उनकी जगह अधिकारियों या कर्मचारियों को प्रशासक बनाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने इसे व्यवस्था का उल्लंघन बताते हुए सरकार से मांग की कि जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का सम्मान किया जाए।
ग्राम प्रधान मदनपट्टी धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि ग्राम प्रधान गांवों के विकास और जनसमस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनका कार्यकाल बढ़ाना आवश्यक है। प्रधान बलराम यादव ने कहा कि प्रशासक व्यवस्था से ग्रामीण विकास प्रभावित होता है और जनता की भागीदारी कम हो जाती है। प्रधान भीखपुर रामनारायण यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाना चाहिए। प्रधानों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
रिर्पोअ-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *