कोल्ड ड्रिंक में जहर देकर युवक की हत्या में दो गिरफ्तार

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले के तरवां थाना क्षेत्र में कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।
महुआरी गांव निवासी प्रियंका सिंह ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 16 अप्रैल को पुरानी रंजिश खत्म करने के बहाने संध्या सिंह और अर्चना सिंह ने उसके भाई को अपने घर बुलाया। वहां उसे कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
परिजनों ने आनन-फानन में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान 17 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने पहले संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन युवक की मौत के बाद हत्या की धारा भी बढ़ा दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 अप्रैल शनिवार की सुबह करीब पौने सात बजे दोनों आरोपित महिलाओं को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। इनकी गिरफ्तारी महिला पुलिस कर्मियों की सहायता से की गई। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *