अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया क्षेत्र के ग्राम व पोस्ट भगतपुर निवासी लोक गायक एवं कलाकार मुकेश गुप्ता ने अपनी लोकगायकी से आजमगढ़ का नाम रोशन किया है। उनके लोकगीत कार्यक्रम ‘लोकरंग सुरों के संग-सीजन 2’ का प्रसारण दूरदर्शन उत्तर प्रदेश (डीडी यूपी) पर किया गया। कार्यक्रम में मुकेश गुप्ता ने अपनी सुमधुर आवाज के माध्यम से भोजपुरी लोकगीत और लोक संस्कृति की समृद्ध परंपरा को प्रस्तुत किया।
दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मुकेश गुप्ता की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम के प्रसारण के बाद मुकेश गुप्ता ने दूरदर्शन के अधिकारियों, कर्मचारियों, कार्यक्रम की पूरी टीम, शुभचिंतकों और दर्शकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोकगीत और लोक संस्कृति को बड़े मंच तक पहुंचाना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने लोककला और भोजपुरी संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की बात कही।
रिपोर्ट-आशीष निषाद