आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। हरिहरपुर संगीत घराना द्वारा गायनाचार्य स्व. पंडित जालपा प्रसाद मिश्र की स्मृति में आयोजित ‘स्वरांजलि संगीत बैठक’ में शास्त्रीय संगीत, सारंगी वादन एवं बाल कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
हरिहरपुर संगीत घराना के संरक्षक कमलेश मिश्रा, प्रसिद्ध कवि, समाजसेवी सुभाष चन्द्र तिवारी कुंदन, साहित्यकार संजय कुमार पांडेय सरस, अजय मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रारम्भ में तुषार सिंह के निर्देशन में हरिहरपुर संगीत महाविद्यालय के बाल कलाकारों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात चार सारंगियों का सामूहिक वादन प्रस्तुत किया गया। इस विशेष प्रस्तुति में ऋषिकेश मिश्रा, विशेष मिश्रा, साहिल मिश्रा एवं कृष्णा मिश्रा ने एक साथ सारंगी वादन कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। तबले पर पुष्कर मिश्रा ने प्रभावशाली संगत की। विलुप्त होती जा रही सारंगी वादन की परंपरा को एक साथ चार सारंगियों के माध्यम से प्रस्तुत करना कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
इसके पश्चात जयपुर से पधारे आकाशवाणी के कलाकार डॉ. सौरभ नाहर ने राग श्री की मनमोहक प्रस्तुति देकर शास्त्रीय संगीत की गंभीरता, शुद्धता और सौंदर्य से श्रोताओं को परिचित कराया। उनके साथ तबले पर लखनऊ के आलोक मिश्रा तथा सारंगी पर बनारस के आशीष मिश्रा ने उत्कृष्ट संगत की।
इस मौके पर सत्यम गुरु, घनश्याम गुप्ता, पुनीत सिंह, दीपराज मिश्रा, जितेंद्र मिश्रा, नन्हेलाल मिश्रा आदि उपस्थित रहे। आदर्श मिश्रा ने सभी अतिथियों, कलाकारों, संगीत प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार