बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र में आधा दर्जन चिकन विक्रेता और चौकी पुलिस के बीच विवाद का मामला सामने आया है। चिकन विक्रेता ने चौकी के सिपाहियों और चौकी प्रभारी पर धन उगाही करने तथा पैसा न देने पर चौकी पर बैठाने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, शुक्रवार भोर में चौकी के सिपाहियों और चौकी प्रभारी की कथित मिलीभगत से उनसे धन की मांग की गई। आरोप है कि पैसा देने से इनकार करने पर चिकन विक्रेता को चौकी पर बैठा लिया गया और उनको मारपीटा गया।
मामले की जानकारी मिलने पर अतरौलिया विधानसभा के पूर्व प्रभारी प्रशांत सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के लोगों से घटना की जानकारी ली और मामले में न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
पीड़ित परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से उनके साथ बर्बरता की गई और परिवार का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रशांत सिंह ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले की शिकायत करते हुए चौकी इंचार्ज को तत्काल हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वह धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के निर्दाेष लोगों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह